धमतरी । भखारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भेलवाकुदा में एक पागल कुत्ते ने इंसान व जानवरों सहित 14 लोगों को घायल कर दिया। आखिरकार ग्रामीणों ने कुत्ते को मार गिराया। आगे और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना को देखते हुए पुलिस भी बुलानी पड़ गई थी। इसी तरह धमतरी शहर में भी कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। जिसके बचाव के लिए प्रशासन द्वारा कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भखारा थाना क्षेत्र के अंतिम छोर में बसे भेलवाकुदा में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पागल कुत्ता इंसान व जानवरों पर हमला कर उसे घायल करने लगा। जब तक लोग उस पर काबू पाते तब तक वह 14 लोगों को घायल कर चुका था। आखिरकार ग्रामीणों को पुलिस बुलानी पड़ गई। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक कुत्ते को मारा जा चुका था। घायलों में रोशनी साहू, नील कुंवर, उत्तरा, मीनाबाई, लता बाई, मोनिका, खेमलाल सहित बिसहत साहू की दो भैंस, मंशाराम के दो बैल, अनिल का बछड़ा और लुकेश्वर का एक ौंस शामिल है। भखारा थाना प्रभारी केएस नेताम ने बताया कि पागल कुत्ता काटने की खबर मिलने पर वह स्टाफ सहित भेलवाकुदा पहुंचे थे। तब तक ग्रामीण कुत्ते को मार चुके थे। घायलों का स्थानीय व भखारा अस्पताल में इलाज कराया गया।




