जगदलपुर। मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए अब नई परेशानी शुरू हो गई है। मेकॉज में इलाज करवाने पहुंचने वाले मरीजों को इलाज से पहले ही 15 से 20 रुपए सिर्फ पार्किंग के लिए खर्च करने पड़ रहे हैं। यहां मेकॉज प्रबंधन ने साइिकल स्टैंड के लिए जो नया ठेका निकाला है उसके बाद ठेकेदार ने मोटरसायकल की पार्किंग के लिए 15 रुपए और कार पार्किंग के लिए 20 रुपए तय कर दिए हैं।
इस पूरे मामले में खास बात यह है कि मेकॉज में इलाज करवाने के लिए पर्ची की कीमत महज 10 रुपए रखी गई है और गरीबों के लिए यह राशि भी मुफ्त है। इसके अलावा जब कांग्रेस विपक्ष में थी तब पार्किंग और ओपीडी पर्ची के दाम बढ़ाये जाने पर कांग्रेसियों ने जमकर मेकॉज में प्रदर्शन किया था अब उनकी ही सरकार में इलाज से महंगी पार्किंग हो गई है।
अधीक्षक डॉ केएल आजाद ने कहा कि पार्किंग शुल्क टेंडर के हिसाब से लिया जा रहा है। इधर शहर विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि इलाज से पार्किंग का महंगा होना गलत है। अफसरों से बात करेंगे। वहीं युकां नेता अजय बिसाई ने कहा दो दिनों में पार्किंग शुल्क के मसले को मेकॉज नहीं सुलझाता है तो फिर शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से की जाएगी।




