स्वतंत्र तिवारी – 9752023023
मुंगेली/ मुंगेली जिले में संचालित रेलवे आरक्षण केंद्र के बंद होने का मामला सामने आने के सभी परेशान हो गए थे, नेताओं, संगठनों और पत्रकारों द्वारा रेलवे आरक्षण केंद्र पुनः खोलने जिला प्रशासन से मांग की जा रही थी। जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। जिला प्रशासन द्वारा रेलवे आरक्षण केंद्र के संचालन को फिर से शुरू करने के संबंध में आदेश जारी किया गया है। इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मुंगेली जिले में रेलवे आरक्षण केंद्र बंद होने से यात्रियों को रेल टिकट आरक्षित कराने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मुंगेली में रेलवे लाइन की सुविधा नहीं होने के बावजूद यहां संचालित आरक्षण केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा था। केंद्र बंद होने के कारण यात्रियों को टिकट आरक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा था। लोगों की मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले में संज्ञान लिया और आरक्षण केंद्र के संचालन के लिए कर्मचारी व्यवस्था को लेकर आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में कार्यरत कर्मचारी मणिन्द्र मानिकपुरी को कार्य से मुक्त करते हुए मनीष रजक, कंप्यूटर ऑपरेटर, को सहायक संचालक, उद्यान विभाग के अंतर्गत कार्य करने का आदेश दिया गया है। प्रशासन की इस पहल के बाद रेलवे आरक्षण केंद्र के संचालन का रास्ता साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला प्रशासन की इस पहल से मुंगेली सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रेलवे आरक्षण सुविधा दोबारा मिलने की उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आरक्षण केंद्र का संचालन कब तक नियमित रूप से शुरू होता है।




