Home छत्तीसगढ़ मुंगेली – जल संकट से मचा हाहाकार… बूंद-बूंद पानी को तरसती जनता…नगर...

मुंगेली – जल संकट से मचा हाहाकार… बूंद-बूंद पानी को तरसती जनता…नगर पालिका मौन…AC रूम में बैठ मिनरल वाटर पी रहे जिम्मेदार…

245
0

स्वतंत्र तिवारी – 9752023023

मुंगेली/ भीषण गर्मी के बीच जहां एक ओर पूरे प्रदेश में जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन युद्ध स्तर पर काम करने का दावा कर रहा है,वहीं मुंगेली शहर की तस्वीर बिल्कुल उलट नजर आ रही है। नगर पालिका की उदासीनता के चलते आम नागरिकों को पानी की एक-एक बूंद के लिए जूझना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि कई मोहल्लों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
गौरतलब है कि 9 अप्रैल 2026 को नगर पालिका परिषद की बैठक में पार्षदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था कि खराब और बार-बार बिगड़ने वाले पुराने पंपों को बदलकर नए पंप लगाए जाएं,ताकि भीषण गर्मी में आम जनता के लिए जल आपूर्ति सुचारु बनी रहे। लेकिन यह प्रस्ताव भी अन्य योजनाओं की तरह सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया।

पुराना बोर बना संकट की जड़
राजेंद्र वार्ड और विवेकानंद वार्ड के अंतर्गत राकेश जोशी के घर के सामने स्थित बोर पंप से सारथीपारा,पटवापारा और देवांगनपारा में पानी की आपूर्ति होती थी। लेकिन पिछले 2-3 महीनों से बोर का जलस्तर गिरने और उसके धंस जाने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। कई बार मरम्मत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है,लेकिन नया बोर करवाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।

जुगाड़ बनी नई परेशानी
बोर खराब होने के बाद बलानी चौक से पाइपलाइन के जरिए पानी की सप्लाई का अस्थायी समाधान किया गया। लेकिन पहले से ही कई मोहल्लों को पानी देने वाले इस स्रोत पर अतिरिक्त भार पड़ने से अब स्थिति और बिगड़ गई है। नतीजा यह है कि सभी क्षेत्रों में पानी का दबाव बेहद कम हो गया है,एक बाल्टी पानी भरने में आधा घंटा लग रहा है। कई घरों की टंकियां तक नहीं भर पा रही हैं।

गंदा और दूषित पानी बना खतरा
जो पानी आ भी रहा है, वह बेहद गंदा,रेतीला और दूषित है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य से खिलवाड़ है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय निवासी राकेश जोशी ने बताया कि पिछले एक महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कई बार नगर पालिका और पार्षद से शिकायत की,लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। वहीं विवेकानंद वार्ड के ईश्वर देवांगन का कहना है कि यह बोर कई बार खराब हो चुका है और अब पूरी तरह धंस चुका है,जिससे समस्या और बढ़ गई है। लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।

आदेशों की अनदेखी,जिम्मेदार कौन?
कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा ग्रीष्मकाल से पहले जल संकट को लेकर समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी जल स्रोतों और पाइपलाइनों को दुरुस्त किया जाए। साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण राव ने भी प्रदेश में जल आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद मुंगेली नगर पालिका इन आदेशों को नजरअंदाज करती दिख रही है।

नागरिकों में आक्रोश,समाधान की मांग तेज
लगातार बिगड़ती स्थिति के चलते वार्डवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द नया बोर खनन कराया जाए और जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए,ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके।