Home छत्तीसगढ़ उद्घाटन के “मुहूर्त” में कैद हुआ जनता का सुकून…मंत्री जी के इंतजार...

उद्घाटन के “मुहूर्त” में कैद हुआ जनता का सुकून…मंत्री जी के इंतजार में गार्डन पर ताला…करोड़ों की लागत से गार्डन उन्नयन कार्य पूर्ण…लेकिन बंद होने से मायूस लौट रहे बच्चे और बुजुर्ग…

504
0

स्वतंत्र तिवारी – 9752023023

मुंगेली/ शहर के सार्वजनिक पार्कों और गार्डन का निर्माण जनता को राहत देने और बच्चों के मनोरंजन के लिए किया जाता है, लेकिन वर्तमान में सत्ता और प्रोटोकॉल की बेड़ियाँ इन पर भारी पड़ रही हैं। स्थानीय प्रशासन और नेताओं की “उद्घाटन राजनीति” के कारण शहर का गार्डन उन्नयन उपरांत तैयार होने के बावजूद आम जनता के लिए बंद पड़ा हैं।

​नेताओं के पास वक्त नहीं…जनता परेशान…

​विडंबना देखिए कि गार्डन का उन्नयन कार्य हफ़्तों पहले पूरा हो चुका हैं, जानकारी मिली हैं कि ठेकेदार ने नगर पालिका को हेंड ओवर भी कर दिया हैं, लाइटिंग से लेकर झूले तक सब लग चुके हैं, बच्चों के लिए यहां ट्रेन भी तैयार हैं, नई साज सज्जा के साथ गार्डन तो तैयार हैं लेकिन गेट पर लगा ताला खुलने का नाम नहीं ले रहा। सूत्र बताते हैं कि प्रशासन किसी बड़े नेता या मंत्री के “वीआईपी” हाथों से फीता कटवाने के इंतजार में हैं। अब जब तक मंत्री जी को समय नहीं मिलता, तब तक यह सार्वजनिक संपत्ति केवल शो-पीस बनी रहेगी।

​रोजाना बैरंग लौट रहे लोग…

​भीषण गर्मी और उमस के बीच शाम को ताजी हवा की उम्मीद में जब बुजुर्ग, महिलाएं और अपने छोटे बच्चों के साथ परिजन गार्डन पहुँचते हैं, तो उन्हें बंद गेट देखकर मायूस होना पड़ रहा है। बच्चे झूलों को बाहर से देखकर मायूस रह जाते हैं, गार्डन बन्द होने कारण बुजुर्गों के टहलने के लिए सुरक्षित जगह न मिलने के कारण वे सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं, जहाँ आवारा कुत्तों और तेज रफ्तार गाड़ियों का खतरा बना रहता हैं। गार्डन में लटकते ताले पर महिलाओं को भी आक्रोशित देखा गया।

​जनता का सवाल…

हमारे टैक्स के पैसे पर वीआईपी कल्चर क्यों? ​स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश हैं। लोगों का कहना हैं कि जब गार्डन बनकर तैयार हैं और जनता के पैसों से बना है, तो उद्घाटन के लिए हफ़्तों इंतजार क्यों ? क्या जनता की सुविधा से ज्यादा महत्वपूर्ण नेताओं का चेहरा चमकाना हैं ?अगर उद्घाटन में देरी हो रही है, तो क्या प्रशासन इसे अस्थायी रूप से खोलकर जनता को राहत क्यों नहीं दे सकता ? या फिर क्या वीआईपी की तख्ती लगने के बाद ही बच्चों की हंसी इस गार्डन में गूंजेगी ?

जनता का सवाल…
मुंगेली की जनता का यह सवाल हैं कि मुंगेली नगर में ही जब सत्तापक्ष के वरिष्ठ विधायक है जिनका यह क्षेत्र भी है तो क्या प्रशासन के द्वारा उनसे उदघाटन नहीं कराया जा सकता है क्या उनके उद्घाटन करने से किसी को आपत्ति हो सकती है या शासन स्तर पर ही किसी प्रकार का दबाव बनाया जाता है जिससे कि वरिष्ठ विधायक भी इसका उद्घाटन नहीं करने के लिए असहज हो गए हैं