स्वतंत्र तिवारी – 9752023023
मुंगेली/ शहर के विकास का चेहरा बदलने और यातायात को सुगम बनाने के लिए शहर में जिस ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ की नींव रखी गई थी, वह आज भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और दावों की राजनीति में उलझकर रह गया है। हम बात कर रहे हैं मुंगेली के गौरव पथ की, जिसकी निर्माण समयसीमा दिनांक 19/6/2026 को समाप्त हो चुकी है, लेकिन धरातल पर काम आज भी कछुआ गति से रेंग रहा है। शासन-प्रशासन के बड़े-बड़े वादे अब हवा-हवाई साबित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। गौरव पथ निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार की जा रही हैं, शिकायतें भी हुई हैं पर जिम्मेदारों के कान में जूं तक नहीं रेंग रहा, जिससे शहर के विकास कार्यो को ग्रहण सा लग गया हैं।
कमीशनखोरी की भेंट चढ़ा करोड़ों का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’…
स्थानीय नागरिकों का कहना हैं कि गौरव पथ का निर्माण कार्य केवल प्रशासनिक सुस्ती का शिकार नहीं है, बल्कि इसके पीछे भ्रष्टाचार और भारी कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। ठेकेदार और जिम्मेदारों की जुगलबंदी के कारण काम की गुणवत्ता से लेकर उसकी गति तक, हर मोर्चे पर समझौता किया गया है। जनता का पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है, लेकिन नतीजा ‘ढाक के तीन पात’ ही है। स्थानीय नागरिकों ने आगे कहा कि”यह विकास का गौरव पथ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का ‘हाईवे’ बन चुका है। जिम्मेदार एसी कमरों में बैठकर झूठी वाहवाही लूट रहे हैं और जनता सड़कों की धूल फांक रही है।”
क्रोधित स्थानीय नागरिक…जनता परेशान…धूल, गड्ढे और हादसों को आमंत्रण…
समयसीमा बीत जाने के बाद भी सड़क अधूरी पड़ी है। अधूरे निर्माण के कारण सड़क पर उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। व्यापार ठप सा हैं सड़क किनारे के दुकानदारों का धंधा धूल और मलबे की वजह से पूरी तरह चौपट हो चुका है, आए दिन दुपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह होने की आशंका है। स्थानीय निवासी और राहगीर सांस और आंखों की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।
काम कम, ‘झूठी वाहवाही’ ज़्यादा…
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले पर यह आरोप लग रहा है कि वे सिर्फ कागजों पर और सोशल मीडिया पर विकास की झूठी वाहवाही लूटने में व्यस्त हैं। भूमिपूजन के वक्त जो बड़े-बड़े दावे किए गए थे, आज जमीनी हकीकत देखकर वे दावे मुंगेली की जनता का मज़ाक उड़ाते प्रतीत हो रहे हैं।
उबल रहा है जन-आक्रोश…आंदोलन की चेतावनी…
गौरव पथ की इस बदहाली को लेकर मुंगेली की जनता का सब्र अब जवाब दे चुका है। शहरवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही युद्धस्तर पर गुणवत्तापूर्ण काम शुरू कर सड़क को पूरा नहीं किया गया, तो चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


