रायपुर। साइंस कॉलेज, रायपुर के भूतपूर्व छात्रों के प्रतिष्ठित संगठन ‘अल्युमिनी एसोसिएशन’ के लिए हुए चुनाव में एक बार फिर अंजय शुक्ला ने जीत हासिल की है। भूतपूर्व छात्रों के बीच उनकी लोकप्रियता और कार्यों के प्रति समर्पण का परिणाम यह रहा कि अंजय शुक्ला अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
चुनाव अधिकारी ने आज विधिवत रूप से अंजय शुक्ला को एसोसिएशन का ‘अध्यक्ष’ घोषित किया, जिसके बाद विभिन्न संगठनों और एल्युमिनी सदस्यों की ओर से उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
2018 से संभाल रहे हैं दायित्व
यह अंजय शुक्ला का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। वे वर्ष 2018 से ही साइंस कॉलेज, रायपुर के अल्युमिनी एसोसिएशन में अध्यक्ष के पद का दायित्व सफलतापूर्वक संभाल रहे हैं। पूर्व छात्र समुदाय में उनका निर्विरोध चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि उनके नेतृत्व में एसोसिएशन ने कॉलेज और भूतपूर्व छात्रों के बीच मजबूत सेतु का कार्य किया है।
एसोसिएशन ने उनके मार्गदर्शन में साइंस कॉलेज, रायपुर के विकास एवं विभिन्न आवश्यक गतिविधियों में लगातार सहयोग प्रदान किया है। उनके नेतृत्व में अल्युमिनी एसोसिएशन ने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनमें कॉलेज के अनेक उत्कृष्ट और सफल भूतपूर्व छात्रों का सम्मान भी किया गया है।
विकास कार्यों को मिलेगी गति
इस निर्विरोध निर्वाचन के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि एसोसिएशन कॉलेज के विकास कार्यों में और अधिक सक्रियता से भाग लेगा। अंजय शुक्ला ने अपने निर्वाचन के पश्चात सभी भूतपूर्व छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता कॉलेज की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाना रहेगी।
विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और पूर्व छात्र संगठनों ने अंजय शुक्ला को उनकी जीत पर बधाई दी है और एसोसिएशन के भावी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।




