स्वतंत्र तिवारी – 9752023023
मुंगेली/ मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले वनग्रामों में रहने वाले आदिवासियों की समस्याओं और कई मांगों को लेकर आज दिनांक 6 सितंबर को जिला पंचायत सदस्य शीलू साहू ने आदिवासियों के साथ मुंगेली कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के ग्राम औरापानी में बिजराकछार से औरापानी मार्ग बुरी तरह से खराब हो चुका है, ग्राम सलगी के पास बमहनई नाला, रायझारी नाला, डोकरी गोलाई एवं बहना पथरा नाला में रोड पूरी तरह से जर्जर हो चुका है जिसके कारण बरसात में लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत होती है, प्रतिवर्ष माह जुलाई से दिसम्बर तक पहुंच विहीन होने के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है, जिसके चलते स्वास्थ्य सुविधाओं से भी ये वन रहवासी वंचित हो रहे हैं जिससे बैगा आदिवासियों के साथ अनहोनी घटना होने की संभावना बनी रहती है। इन्हीं कई समस्याओं को देखते हुए ग्राम औरापानी को सरगढ़ी के पास तिलवनखार में व्यवस्थापन करने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त बिजराकछार से बंजारी मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य, औरापानी में पानी की समस्या, स्कूल की समस्या, भूमिसुधार की आवश्यकता और स्कूल टीचर स्थानीय लोगों को रखने, जंगली हाथी से होने वाली परेशानी सहित बैगा आदिवासी व पिछड़ा वर्ग के लोगों को पट्टा देने की मांग की गई है। जिलापंचायत सदस्य शीलू साहू ने बताया कि उनके द्वारा आदिवासियों की समस्या को लेकर सभी के साथ कलेक्टर को विभिन्न समस्याओं को दूर कर कुछ मांगों को पूरा करने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया हैं, कलेक्टर की ओर से उन्हें आश्वासन भी मिला हैं। आपको बता दे कि शीलू साहू द्वारा जनसमस्याओं को दूर करने लगातार ग्रामीण अंचल के दौरा भी किया जा रहा हैं।




