बालोद। क्षेत्र के ग्राम डुंडेरा (कुरदी) के हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ तीन शिक्षक कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर स्कूल में ही 11वीं, 12वीं के 85 बच्चों सहित शेष स्टाफ की कोरोना जांच की। फिलहाल सभी की एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं इसी कांदुल हायर सेकंडरी स्कूल से पांच शिक्षक भी पॉजिटिव आ चुके हैं। इसमें अधिकतर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के रहने वाले हैं।
उक्त दोनों बड़े स्कूल में शिक्षकों के लगातार कोरोना पॉजिटिव निकलने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगा है। हालांकि सरकार के आदेश के बाद हायर सेकंडरी स्कूल को दो दिन पहले ही बच्चों के लिए बंद करवा दिया गया है। सिर्फ शिक्षकों को विभागीय काम से बुलाया जा रहा है। उधर प्राइमरी और मिडिल स्कूल के बच्चों को मोहल्ला क्लास में पढ़ाने का अभी भी सिलसिला जारी है। लगातार स्कूलों में शिक्षकों के कोरोना की चपेट में आने के बाद अब छोटे बच्चे भी खौफजदा है, तो उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षक भी अब चिंतित हैं।
जिन स्कूलों में अभी शिक्षक पाजिटिव निकले हैं, वह बाहर से ही सफर करके आते थे और इस सफर के दौरान ही कोरोना की चपेट में आए हैं। यह उनकी ट्रैवल हिस्ट्री से भी सामने आई है। ऐसे में अन्य शिक्षक इस घटना से सबक ले रहे हैं। बुधवार को डुंडेरा हायर सेकंडरी स्कूल में 85 बच्चों व अन्य शिक्षक स्टाफ का कोरोना जांच हुआ। गनीमत सभी की एंटीजन टेस्ट में अभी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं कांदुल हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि पांच शिक्षक पहले से पाजिटिव आ चुके हैं। अन्य स्टाफ व बच्चे सुरक्षित हैं। किसी की रिपोर्ट अभी तक पाजिटिव नहीं आई है। पर इस स्थिति में शिक्षक स्कूल आने से आनाकानी कर रहे हैं। गुरुवार को बोर्ड परीक्षा की सामग्री लेने के लिए भी जाना है, पर शिक्षक तैयार नहीं हो रहे हैं। सुरक्षा के सारे उपाय किए जा रहे हैं। बच्चों को तो शासन के आदेश पर छुट्टी दे दी गई है। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग व मितानिन के टीम भी बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखी हुई है। वहीं शिक्षक भी रोज की रिपोर्टिंग दे रहे हैं।



