स्वतंत्र तिवारी – 9752023023
मुंगेली/ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए शीर्ष नेतृत्व द्वारा एक बड़ा फैसला लिया गया है। युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष गौरी गुप्ता को मुंगेली जिले का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से स्थानीय युवा कार्यकर्ताओं और संगठन में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
संगठन को धार देंगी गौरी गुप्ता
गौरी गुप्ता की पहचान प्रदेश स्तर पर एक प्रखर, सक्रिय और रणनीतिक युवा नेता के रूप में होती है। युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में उनके सांगठनिक अनुभवों को देखते हुए नेतृत्व ने उन्हें मुंगेली जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस नियुक्ति को आगामी रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने जताया आभार…
नियुक्ति की खबर आते ही मुंगेली जिले के युवा भाजपाइयों और स्थानीय वरिष्ठ नेताओं ने खुशी जाहिर की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौरी गुप्ता के मार्गदर्शन में मुंगेली जिला युवा मोर्चा न केवल अधिक सक्रिय होगा, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों और युवाओं की आवाज को और मुखरता से उठाएगा।
चुनावी और सांगठनिक तैयारियों में आएगी तेजी…
आने वाले दिनों में गौरी गुप्ता का मुंगेली दौरा प्रस्तावित है, जहां वे जिला कार्यसमिति की बैठक लेंगी। माना जा रहा है कि उनके प्रभार संभालते ही स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र सहित जिले में विकास कार्यों में लापरवाही, और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर युवा मोर्चा का आंदोलन और उग्र होगा। स्थानीय टीम अब उनके स्वागत और आगामी रणनीतिक बैठकों की तैयारियों में जुट गई है।
”शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, उस पर मैं पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मुंगेली जिले में युवा मोर्चा के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता के हक की लड़ाई लड़ना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।”
— गौरी गुप्ता, नवनियुक्त जिला प्रभारी मुंगेली (प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजयुमो)





