मुंगेली/ हाल ही में मुंगेली नगर में कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं, नगर पालिका द्वारा अलाव जलाने की भी व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे राहगीरों व स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानी हो रही थी। शहर में पड़ रहे कड़ाके की ठंड को देखते हुए वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव ने शहर के चौक चौराहों में अलाव जलाने के लिए नगर पालिका में ज्ञापन दिया। जिस पर नगर पालिका प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था की। बढ़ती ठंड के मद्देनजर नगर प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव द्वारा ठंड से राहत हेतु दिए गए ज्ञापन के बाद नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नए बस स्टैंड, पुराने बस स्टैंड गांधी पुतला के पास, बड़े बाजार हनुमान मंदिर के समीप और दाउपारा क्षेत्र में अलाव जलवाए। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए पार्षद अरविंद वैष्णव एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलाव की व्यवस्था से आमजन को काफी राहत मिल रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते नगर के गरीब और असहाय लोगों के लिए ऐसी व्यवस्थाएं आवश्यक हो गई थीं।





