रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए प्रदेश के स्पेशल डीजी आरके विज ने पीडब्ल्यूडी और संबंधित निर्माण एजेंसी को सुधार करने के निर्देश दिए हैं। डीजी ने पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजा है, जिसमें बताया गया है कि राज्य के 28 में से 19 जिलों के राष्ट्रीय राजमार्ग बहुत खतरनाक हैं। इनमें 90 ब्लैक स्पाट हैं, जहां रोज सड़क दुर्घटनाओं में मौत होती है। इसी तरह आठ जिलों से होकर गुजरने वाले आठ राजमार्गों में 20 ब्लैक स्पाट पाए गए हैं। हादसों को कम करने के लिए इन स्पाट को सुधारा जाएगा।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत 19 जिलों से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हादसों में हर साल सैकड़ों लोगों की जान जा रही है। हादसों को लेकर पुलिस मुख्यालय चिंतित है। हादसों को कम करने के लिए इन ब्लैक स्पाट को सुधारना जरूरी है। विज ने पिछले दिनों चिन्हांकित कई ब्लैक स्पाट का निरीक्षण कर मौके पर ही अधिकारियों को ब्लैक दुरुस्त करने, ट्रक या अन्य वाहनों की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए थे। अब उन्होंने इसके लिए चिट्ठी लिखी है।
तीन साल में 79 मौतें :
रायपुर जिले में सड़क हादसे के लिए अभिशप्त नौ ब्लैक स्पाट में हादसों में हर साल दर्जनों लोगों की जान जा रही है। बीते तीन साल में अकेले रायपुर में 82 सड़क हादसों में 79 लोगों ने जान गई है।
दीपावली के बाद मरम्मत कार्य तेज :
सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर कुछ महीने पहले पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनएचआइ की संयुक्त टीम ने ब्लैक स्पाट का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की रिपोर्ट तैयार की थी। उन कारणों को दूर करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी और संबंधित निर्माण एजेंसी को दिए गए थे। कुछ स्पाट पर सुधार कार्य भी किए गए थे। पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने बताया कि है दीपावली के बाद सुधार कार्य में तेजी लाया जाएगा।
राजनांदगांव में सर्वाधिक ब्लैक स्पाट :
प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में राजनांदगांव जिले में सर्वाधिक ब्लैक स्पाट हैं। जिले से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग बेहद खतरनाक है। इस जिले के नेशनल हाइवे पर 12 ब्लैक स्पाट चिन्हांकित किए गए हैं।
इन जिलों में इतने स्पाट :
रायपुर जिले में नौ, सरगुजा जिले में 18 ब्लैक, कबीरधाम और कोरबा में 14, बिलासपुर, रायगढ़, सूरजपुर में 18, गरियाबंद, महासमुंद में 10, दुर्ग में चार तथा बालोद, मुंगेली, कांकेर में नौ, बलौदाबाजार, गरियाबंद, बेमेतरा में छह और जगदलपुर तथा कोंडागांव में एक-एक ब्लैक स्पाट चिन्हांकित किए गए हैं। इसी तरह स्टेट हाइवे में सर्वाधिक ब्लैक स्पाट मुंगेली जिले में छह जगहों पर चिन्हांकित किए गए हैं। बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बालोद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सूरजपुर और कांकेर में 12 ब्लैक स्पाट चिन्हांकित किए गए हैं।
डीजी विज ने ने कहा कि सभी जिलों के एसपी को नेशनल हाइवे में पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है। उनका मानना है कि पेट्रोलिंग बढ़ाने से सड़क हादसे में कमी आएगी। अगर कोई हादसा होता है तो पेट्रोलिंग टीम घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा सकेगी।




